You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
टी-20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान को 61 रन से हराकर सुपर-8 राउंड में पहुंचा भारत
आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में रविवार को खेले गए 27वें मैच में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम सुपर-8 राउंड में पहुंच गई है.
भारत की ओर से मिले 176 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर ही सिमट गई.
भारत के चार गेंदबाजों हार्दिक, बुमराह, अक्षर और वरुण को दो-दो विकेट मिले. पाकिस्तान के लिए उस्मान खान ने सबसे ज्यादा 44 रन की पारी खेली.
इससे पहले भारत ने ईशान किशन की 77 रन की पारी की बदौलत 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 175 रन बनाए थे. ईशान किशन को अपनी इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया.
पाकिस्तान के लिए सईम अयूब ने तीन विकेट लिए.
ग्रुप ए का यह मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया.
हालांकि एशिया कप से शुरू हुआ दोनों टीमों के कप्तान के हाथ नहीं मिलाने का सिलसिला यहां भी जारी रहा. टॉस के बाद सलमान आगा और सूर्यकुमार यादव एक-दूसरे को अनदेखा करके पवेलियन की ओर लौट गए.
टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड और ज्यादा मजबूत हो गया है. दोनों के बीच टी20 वर्ल्ड कप में नौ बार टक्कर हुई है. जिनमें से 8 मुकाबलों में टीम इंडिया को जीत मिली है. पाकिस्तान ने एक ही बार भारत को 2021 के टी20 वर्ल्ड कप में हराया था.
लगातार गिरते रहे पाकिस्तान के विकेट
पाकिस्तान के विकेट गिरने का सिलसिला पहले ओवर में ही शुरू हो गया था. पाकिस्तान के ओपनर साहिबज़ादा फ़रहान पहले ओवर की चौथी गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए. उनका विकेट हार्दिक पंड्या ने लिया.
वहीं जसप्रीत बुमराह ने दूसरे ओवर की दूसरी और आखिरी गेंद पर विकेट लिए. उन्होंने सईम अयूब और सलमान आगा को पवेलियन वापस भेजा.
अक्षर पटेल ने पांचवें ओवर की पांचवीं गेंद पर बाबर आजम को बोल्ड किया. बाबर आजम ने पांच रन की पारी खेली.
10.4 ओवर में पाकिस्तान ने 73 रन पर ही पांच विकेट गंवा दिए थे. अक्षर पटेल ने क्रीज पर सेट दिख रहे उस्मान खान को स्टंप आउट करवाया. उन्होंने 34 गेंद में 44 रन की पारी खेली.
इसके बाद अगले ओवर में कुलदीप यादव ने मोहम्मद नवाज का विकेट लिया. वहीं 13वें ओवर की पहली गेंद पर तिलक वर्मा ने शादाब खान को आउट कर पवेलियन वापस भेज दिया. 78 के स्कोर तक आते आते पाकिस्तान के सात बल्लेबाज पवेलियन वापस लौट गए.
इसके बाद भारत की जीत महज औपचारिकता रह गई थी.
वरुण चक्रवर्ती ने 16वें ओवर में अपनी स्पिन का कमाल दिखाया. उन्होंने तीसरी गेंद पर फहीम और चौथी गेंद पर अबरार अहमद का विकेट लिया.
18वें ओवर की आखिरी गेंद पर हार्दिक पंड्या ने उस्मान तारिक को बोल्ड कर पाकिस्तान की पारी को समेट दिया.
ईशान किशन की धमाकेदार पारी
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया था. लेकिन ईशान किशन ने तूफानी पारी खेलकर पाकिस्तान को शुरुआत में ही बैकफुट पर धकेल दिया. ईशान किशन ने 27 गेंद में ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था.
भारत को तेज़-तर्रार शुरुआत दिलाने के बाद ओपनर ईशान किशन 77 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने 40 गेंद में ये पारी खेली. उनकी पारी में 10 चौके और तीन छक्के शामिल हैं. सईम अयूब ने किशन का विकेट लिया.
हालांकि 15वें ओवर के दौरान तब खासा रोमांच देखने को मिला जब सईम अयूब हैट्रिक पर पहुंच गए थे.
15वें ओवर की दूसरी गेंद पर सईम ने तिलक का विकेट लिया, जबकि तीसरी गेंद पर उन्होंने हार्दिक पंड्या को खाता खोलने का मौका दिए बिना पवेलियन वापस भेज दिया.
लेकिन शिवम दुबे ने 15वें ओवर की चौथी गेंद को डिफेंड कर सईम अयूब की हैट्रिक पूरी नहीं होने दी.
सईम अयूब ने चार ओवर में 25 रन देकर भारत के तीन बल्लेबाज़ों को पवेलियन वापस भेजा.
भारतीय पारी के दौरान आखिरी ओवर्स में पाकिस्तान ने अच्छी वापसी की. पाकिस्तान के चर्चित स्पिनर उस्मान तारिक ने चार ओवर में 24 रन देकर एक विकेट लिया. उस्मान तारिक ने कप्तान सूर्यकुमार यादव को आउट किया. सूर्यकुमार यादव ने 32 रन की पारी खेली.
इससे पहले भारत ने आज अपनी प्लेइंग 11 में दो बदलाव किए थे. संजू सैमसन के स्थान पर अभिषेक शर्मा की टीम में वापसी हुई. लेकिन अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन वापस लौट गए.
कप्तान सलमान आगा सरप्राइज़ देते हुए पहला ओवर खुद डालने के लिए आए थे और ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने अभिषेक शर्मा का विकेट लिया था. लेकिन इसके बाद ईशान किशन की पारी ने पाकिस्तान के हाथ से मैच को छीन लिया.
टूर्नामेंट में अभी तक भारत और पाकिस्तान ने तीन-तीन मुकाबले खेले हैं. टीम इंडिया अपने सभी तीनों मुकाबले जीतकर ग्रुप ए में पहले स्थान पर पहुंच गई है. वहीं पाकिस्तान दो जीत और एक हार के साथ ग्रुप में दूसरे स्थान पर है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.