You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
सऊदी अरब में मिसाइल हमले में मारे गए भारतीय मज़दूर की पत्नी ने क्या बताया
- Author, सैयद मोज़िज़ इमाम
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता
- पढ़ने का समय: 5 मिनट
"मैं अपने पति से रात करीब 9:22 बजे वीडियो कॉल पर बात कर रही थी. लेकिन अचानक फ़ोन कट गया. फिर मैंने कई बार कॉल मिलाया, लेकिन बात नहीं हो सकी. इसके बाद मैं बिस्तर बिछाकर सो गई. सुबह किसी का फ़ोन आया कि इस तरह की घटना हुई है, लेकिन मुझे यक़ीन नहीं हुआ."
"कुछ देर बाद 19 मार्च को मेरे छोटे भाई का फ़ोन आया, जो सऊदी अरब के रियाद में रहता है. उसने बताया कि जीजा नहीं रहे."
यह कहते-कहते ऋतु गौतम रोने लगती हैं. उनकी शादी रवि गोपाल से लगभग 6 साल पहले हुई थी और उनका एक बच्चा भी है.
उत्तर प्रदेश में सीतापुर के बघाइन गांव के रहने वाले रवि गोपाल की 18 मार्च को सऊदी अरब की राजधानी रियाद में कथित रूप से एक मिसाइल हमले में मौत हो गई.
गांव में संवेदना प्रकट करने आई महिलाओं से घिरी ऋतु कहती हैं, "मेरी दुनिया उजड़ गई."
रवि गोपाल का आधा मकान पक्का है. अपने घर के कच्चे आंगन में बैठी ऋतु कहती हैं कि उनका सपना था कि वह अपने बच्चे को अच्छी शिक्षा देंगी, लेकिन अब सब ख़त्म हो गया है.
अमेरिका और इसराइल के हमले के बाद से ही ईरान खाड़ी देशों में स्थित अमेरिका के सैन्य ठिकानों पर हमला कर रहा है.
20 मार्च को रियाद में भारतीय दूतावास ने एक्स पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, "भारतीय दूतावास 18 मार्च की हालिया घटनाओं में रियाद में एक भारतीय नागरिक के दुखद निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करता है."
लेकिन दूतावास ने घटना की विस्तृत जानकारी नहीं दी है.
कैसे हुई घटना
रवि गोपाल लगभग साढ़े तीन साल से रियाद में एक फैक्ट्री में काम कर रहे थे.
उनके भाई मनमोहन दयाल कहते हैं, "पिछले साल जुलाई में वह घर आए थे. बहन की शादी थी, जिसमें कर्ज़ हो गया था. फिर वह दोबारा कमाने के लिए रियाद गए थे, ताकि घर की आर्थिक स्थिति सुधार सकें, लेकिन अब उनकी मौत की ख़बर मिली है."
मनमोहन घटना वाले दिन का ज़िक्र करते हुए बताते हैं, "मैं लखनऊ में था और अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहा था. तभी भाई के दोस्त का फ़ोन आया कि फैक्ट्री पर मिसाइल गिरी है और रवि गोपाल की मौत हो गई है. पहले मुझे यक़ीन नहीं हुआ और मैंने फ़ोन काट दिया."
वह आगे बताते हैं कि उनके चाचा का बेटा भी रियाद में है, जिसने इस घटना की पुष्टि की थी.
मनमोहन कहते हैं, "युद्ध शुरू होने के बाद कई बार बात हुई. उन्होंने बताया कि मिसाइलें गिर रही हैं, लेकिन वे सुरक्षित हैं. हमने उन्हें वापस आने को कहा, लेकिन उन्होंने बताया कि उड़ानें बंद हैं और टिकट भी महंगे हैं. अब उनका शव आ रहा है."
परिवार के अनुसार, रवि गोपाल सितंबर 2025 में दूसरी बार रियाद गए थे. इससे पहले वह घर पर खेती का काम करते थे, लेकिन रियाद में उन्हें ड्राइवर का काम मिल गया था.
मनमोहन दयाल के मुताबिक, "उनके साथ काम करने वालों ने बताया कि जिस फैक्ट्री में रवि काम करते थे, उसके पास मिसाइल हमला हुआ, जिससे दीवार गिर गई और वह मलबे में दब गए."
उन्होंने बताया कि, "रवि को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. शव की पहचान उनके सहकर्मी राम निवास ने की."
महमूदाबाद के उप-ज़िलाधिकारी बीके सिंह ने मीडिया को बताया कि प्रशासन आगे की कार्रवाई के लिए परिवार के संपर्क में है.
24 मार्च को जब बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की टीम मनमोहन दयाल से बात कर रही थी, तभी रियाद स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारियों का फ़ोन आया कि रवि गोपाल के पार्थिव शरीर को लखनऊ भेजा जा रहा है.
25 मार्च को रवि गोपाल का शव लखनऊ स्थित अमौसी एयरपोर्ट पर पहुंच गया.
विदेश मंत्रालय ने क्या कहा
भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में इस मौत की पुष्टि की है, लेकिन घटना का विस्तृत विवरण नहीं दिया है.
'द ट्रिब्यून' के मुताबिक, विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (खाड़ी) असीम आर. महाजन ने शुक्रवार को एक ब्रीफिंग में कहा कि सरकार को 18 मार्च की देर रात रियाद में हुए हमले में "एक भारतीय नागरिक की मौत" की सूचना मिली है.
हालांकि उन्होंने घटना का विस्तृत विवरण नहीं दिया.
उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और बताया कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास परिजनों के संपर्क में है तथा पार्थिव शरीर को शीघ्र भारत लाने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है.
रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है.
खाड़ी क्षेत्र की स्थिति
मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के बीच खाड़ी क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में छह भारतीय नागरिकों की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता है. यह जानकारी विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को दी.
ब्रीफ़िंग के दौरान अतिरिक्त सचिव (खाड़ी) असीम आर. महाजन ने बताया कि भारतीय मिशन स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर लापता व्यक्ति का पता लगाने और मृतकों के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने के प्रयास कर रहे हैं.
उन्होंने कहा, "दुर्भाग्य से छह भारतीय नागरिकों की जान गई है और एक व्यक्ति लापता है. सऊदी अरब, ओमान, इराक और संयुक्त अरब अमीरात में हमारे मिशन संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं."
विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि खाड़ी क्षेत्र में यात्रा की स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है और बड़ी संख्या में यात्री भारत लौट चुके हैं.
महाजन ने बताया, "28 फरवरी से अब तक करीब 3 लाख यात्री इस क्षेत्र से भारत लौट चुके हैं."
उन्होंने यह भी कहा कि स्थिति को संभालने के लिए अतिरिक्त उड़ानों का संचालन किया जा रहा है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.